गोंडा में सांसद के पैर पकड़े समर्पण की मुद्रा में दिखे वकील साहब: बार एसोसिएशन ने किया अधिवक्ता को निलंबित
सांसद के पैर पकड़े समर्पण की मुद्रा में दिखे वकील साहब: बार एसोसिएशन ने किया निलंबित
गोंडा। बार एसोसिएशन ने कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह का पैर पकड़ने पर अधिवक्ता विनय कुमार शुक्ल को सोमवार को निलंबित कर दिया। उन्हें 14 दिन में अपना पक्ष रखने का मौका दिया है। विनय का अधिवक्ता की वेशभूषा में कैसरगंज सांसद का पैर पकड़ने को बार एसोसिएशन का अपमान माना गया है। वहीं, सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने से दिनभर मामला चर्चा में रहा।
पूर्व शिक्षक नेता व हाल में ही वकालत शुरू करने वाले विनय कुमार शुक्ल की एक फोटो सोमवार को सोशल मीडिया में वायरल हुई। इसमें वह अधिवक्ता की वेशभूषा में हैं और समर्पण की मुद्रा में सांसद बृजभूषण शरण सिंह का पैर पकड़ कर बैठे दिख रहे हैं। सांसद सोफे पर बैठे हैं और विनय जमीन पर बैठे हैं। फोटो वायरल होते ही अधिवक्ता समाज में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई। तमाम अधिवक्ताओं को विनय का ये कृत्य नागवार लगा और आलोचना शुरू हो गई।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी व महामंत्री चंद्रमणि तिवारी ने विनय कुमार शुक्ल एडवोकेट को बार एसोसिएशन की सदस्यता से निलंबित कर दिया। अध्यक्ष व महामंत्री ने उन्हें अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए 14 दिन का समय दिया है।

Comments