बस्ती में एंटी करप्शन की बड़ी कार्रवाई 75 हजार की रिश्वत सौदेबाज़ी के बाद लेखपाल रंगे हाथ गिरफ्तार
बस्ती। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घूसखोर लेखपाल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। टीम ने लेखपाल प्रेमपाल सिंह को आरएस25 हजार की दूसरी किश्त लेते समय धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उसे पूछताछ के लिए वाल्टरगंज थाने लाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रूधौली तहसील के ग्राम दूदराक्ष, पोस्ट छपिया निवासी बिहारी लाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता स्वर्गीय फेरू लाल द्वारा वर्ष 1989 में कराए गए 31 एयर जमीन के पट्टे को कंप्यूटरकृत खतौनी में दर्ज कराने के लिए लेखपाल द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
चकबंदी न होने के कारण जमीन का विवरण कंप्यूटरकृत खतौनी में प्रदर्शित नहीं हो रहा था। इस प्रक्रिया को पूरा कराने के नाम पर लेखपाल प्रेमपाल सिंह ने पहले 1 लाख की मांग की, बाद में मामला 75 हजार में तय हुआ।
पीड़ित बिहारी लाल ने पहली किश्त के रूप में 25 हजार दे दिए थे। दूसरी किश्त देने से पूर्व उन्होंने एंटी करप्शन टीम को सूचना दे दी। योजनाबद्ध तरीके से टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही लेखपाल ने 25 हजार की दूसरी किश्त ली, उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल एंटी करप्शन टीम मामले में पूछताछ कर रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई प्रशासन की भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति का स्पष्ट संकेत मानी जा रही है।

Comments