रामपुर रेवटी में बहुजन समाज पार्टी पिछड़ा वर्ग भाईचारा कैडर कैम्प संपन्न, बड़ी संख्या में लोगों ने ली पार्टी की सदस्यता
बस्ती। बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर रेवटी गांव में बहुजन समाज पार्टी के पिछड़ा वर्ग भाईचारा द्वारा एक दिवसीय कैडर कैम्प का आयोजन किया गया। यह कैडर कैम्प पिछड़ा वर्ग भाईचारा के जिला संयोजक अनूप कुमार एडवोकेट की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कैम्प में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों की सहभागिता देखने को मिली।कार्यक्रम के दौरान बहुजन समाज पार्टी का सदस्यता अभियान भी चलाया गया, जिसमें कई लोगों ने पार्टी की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर बसपा की सदस्यता ग्रहण की।
इसके साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान एवं मतदाता सूची में नाम बढ़वाने अथवा संशोधन कराने को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।कैडर कैम्प को संबोधित करते हुए पिछड़ा वर्ग भाईचारा कमेटी के जिला संयोजक एवं मुख्य अतिथि के.सी. मौर्य ने कहा कि आज समय की आवश्यकता है कि सभी बहुजन समाज के लोग एकजुट होकर बहुजन समाज पार्टी को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि जब तक संगठन मजबूत नहीं होगा, तब तक सामाजिक न्याय और अधिकारों की लड़ाई अधूरी रहेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि बहन मायावती जी को उत्तर प्रदेश की पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाया जा सके।विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व लोकसभा प्रत्याशी लवकुश पटेल ने कहा कि इस बार कार्यकर्ताओं और आम जनता को किसी के बहकावे में नहीं आना है। उन्होंने कहा कि बसपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सर्वसमाज, विशेषकर पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के हितों की सच्ची लड़ाई लड़ती है। उन्होंने सभी से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की अपील की।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अनूप कुमार एडवोकेट ने अपने संबोधन में मतदाता सूची की शुद्धता पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने लोगों को SIR अभियान के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, गलत प्रविष्टियों को संशोधित कराने और वंचित लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हर योग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है।
कैडर कैम्प के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिससे संगठन को नई मजबूती मिली। कार्यक्रम में जुगल किशोर चौधरी, महेश गौड़, भूपेंद्र कुमार, उमाशंकर राव, चौधरी राम सिंह पटेल, रामराज,सुरेंद्र चौधरी, राम लाला गौड़, रिंकू बंसल,सोहन चौधरी, मुंद्रिका प्रसाद, राममिलन, जानकी ,शीतल, परदेशी, भरथू, हरिपाल,मंतूराम,धर्मराज सहित अनेक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Comments